जमशेदपुर से 100 श्रद्धालुओं का जत्था 26 नवंबर को सचखंड हजूर साहिब के लिए रवाना होगा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर के विभिन्न गुरुद्वारों से हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं का जत्था सिख पंथ के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन हेतु जा रहा है। इसी क्रम में भगत सिंह फैंस क्लब, टीनप्लेट नानक नगर की ओर से 100 श्रद्धालुओं का जत्था 26 नवंबर 2025 को टाटानगर रेलवे स्टेशन से संतरागाछी–नांदेड़ एक्सप्रेस द्वारा सचखंड हजूर साहिब के लिए रवाना होगा।
लगातार तीन वर्षों से 100 लोगों का जत्था अलग-अलग गुरुद्वारा साहिबों के दर्शन हेतु जाता रहा है और यह चौथा वर्ष है, जब क्लब की ओर से 100 श्रद्धालुओं का समूह हजूर साहिब के दरबार में नतमस्तक होने जा रहा है।
इसके संबंध में तीनप्लेट नानक नगर स्थित भगत सिंह फैंस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में क्लब के अध्यक्ष करमजीत सिंह ने बताया कि पूरे जत्थे के भोजन, ठहरने और आने-जाने का पूरा खर्च क्लब की ओर से वहन किया जा रहा है। इस यात्रा में सेंट्रल नौजवान सभा के अमरीक सिंह, समाजसेवी शिव शंकर सिंह तथा समाज के अन्य गणमान्य लोग लगातार सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान क्लब की टीम रखेगी।
प्रेस वार्ता में क्लब सदस्यों के अलावा सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रधान सरदार भगवान सिंह, अध्यक्ष सरदार शैलेंद्र सिंह, जनरल सेक्रेटरी गुरुचरण सिंह बिल्ला, बिरसानगर के प्रधान रोशन सिंह, रंगरेटा महासभा के महासचिव हरजिंदर सिंह रिंकू, रणजीत सिंह कल्लू, ट्यूला डूंगरी गुरुद्वारा के प्रतिनिधि तथा कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।

