टाटा मुख्य अस्पताल गेट पर गार्ड व परिजन में मारपीट, कुछ देर जाम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा मुख्य अस्पताल के मुख्य गेट पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सिक्योरिटी गार्ड और मरीज के परिजन के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। बताया जा रहा है कि युवक अपने भर्ती पिता को डिस्चार्ज कराने आया था, तभी हेलमेट पहनने को लेकर गार्ड से उसकी कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अस्पताल गेट को जाम कर दिया, जिससे कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

