सरायकेला में हाईवा पलटने से पिता–पुत्री की मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत हुदु पंचायत के पालोबेड़ा गांव में रविवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया. लीडिंग कंस्ट्रक्शन का गिट्टी लदा हाईवा संख्या JH05CD-6403 अनियंत्रित होकर एक मिट्टी के घर पर पलट गया. हादसे के समय घर के अंदर सो रहे बीरबल मुर्मू (30) और उसकी डेढ़ वर्षीय बेटी अनुश्री मुर्मू दबकर मौके पर ही मौत हो गई. जबकि उसकी पत्नी बाल-बाल बच गई, उसे हल्की चोटें आई हैं. घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है. हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने लीडिंग कंस्ट्रक्शन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ़्तार और लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन कंपनी और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा. इधर सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस पालोबेड़ा गांव पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटी है. पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.

