राष्ट्र संवाद संवाददाता
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में जेवियर पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम इस वर्ष शानदार उपलब्धियों के रूप में सामने आया। विद्यालय की छात्रा रिचा सिंह ने विज्ञान संकाय (पीसीबी) में 92% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। रिचा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों, माता-पिता तथा नियमित अध्ययन को दिया। दूसरे स्थान पर एन. विनीथ रहे, जिन्होंने विज्ञान संकाय (पीसीएम) में 85% अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। गणित और विज्ञान विषयों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सभी ने सराहना की। वहीं राज नंदनी ने विज्ञान संकाय (पीसीबी) में 84% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। उनकी सफलता ने यह साबित किया कि निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता आने वाले छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। साथ ही सभी अभिभावकों ने भी बच्चों की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। विद्यालय परिवार ने आशा जताई है कि आने वाले वर्षों में भी छात्र-छात्राएँ इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रौशन करने का काम करेंगे।

