जमशेदपुर में भारतीय युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, NEET पेपर लीक मामले में पीएम नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: NEET परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने साकची गोलचक्कर पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नवनीत मिश्रा ने कहा कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल रही है, जिससे छात्रों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है।
उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस छात्रों के हितों के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी और इस मामले में निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करती है। साथ ही प्रधानमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की गई।

