सोना देवी विश्वविद्यालय के एनएसएस ईकाई द्वारा आयोजित किया गया हर घर तिरंगा अभियान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सोना देवी विश्वविद्यालय घाटशिला के राष्ट्रीय सेवा योजना, एनएसएस ईकाई द्वारा आज हर घर तिरंगा रैली का आयोजन किया गया. इस रैली में सोना देवी विश्वविद्यालय के एनएसएस ईकाई के नेतृत्व में कई सहायक प्राध्यापक, एनएसएस ईकाई से जुड़े छात्र छात्राएं शामिल हुए. छात्र छात्राओं ने विश्वविद्यालय द्वारा अंगीकृत किताडीह गांव में रैली निकाली और ग्रामीणों के बीच देशभक्ति की भावना का संचार किया.

एनएसएस ईकाई द्वारा आयोजित रैली के सदस्य किताडीह आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों से भी मिले और उन्हें तिरंगा सौंपा और बच्चों के संग देशभक्ति के नारे लगाए. इस रैली की शुरूआत कुलपति डॉ जेपी मिश्रा और कुलसचिव डॉ गुलाब सिंह आजाद ने तिरंगा लहराकर किया. अपने संबोधन में डॉ जे पी मिश्रा ने कहा कि तिरंगा हमारे और देश के स्वाभिमान का प्रतीक है. हमसब मिलकर प्रतिवर्ष यह आयोजन करेंगे और इस अभियान को सफल बनायेंगे.

इस पहल का उद्देश्य देश में स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर नागरिकों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है. हर घर तिरंगा एक अभियान है जो आज़ादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में लोगों को तिरंगा घर लाने और भारत की आज़ादी के प्रतीक के रूप में इसे फहराने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए शुरू किया गया. हर घर तिरंगा अभियान अपने राष्ट्रीय ध्वज के साथ जुड़ाव को और गहरा करने का अभियान है. भारतीय राष्ट्रीय ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं है बल्कि हमारे सामूहिक गौरव और एकता का एक गहरा प्रतिनिधित्व है.

इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक भारतीय परिवार को गर्व से भारतीय ध्वज फहराने के लिए प्रोत्साहित करके एकता, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को बढ़ावा देना है. केंद्र सरकार द्वारा 9 अगस्त से 15 अगस्त तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी हर घर तिरंगा अभियान की घोषणा के बाद से प्रति वर्ष यह आयोजन किया जा रहा है. प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रोत्साहित करके नागरिकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना पैदा करने के लिए इसे 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में लॉन्च किया गया जो आज एक जन आंदोलन बन गया है.


