बिहार में बाढ़ का कहर: 12 जिलों में हालात गंभीर, गंगा खतरे के निशान से ऊपर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पटना/बेगूसराय/भागलपुर। बिहार में बाढ़ की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। मंगलवार सुबह से पटना, हाजीपुर, गोपालगंज समेत 14 जिलों में तेज बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त है। खगड़िया में तेज हवा के बीच बाढ़ के पानी में नाव पलटने से अफरातफरी मच गई। नाव पर सवार लोगों ने पानी में कूदकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

राज्य के 12 जिलों – मुंगेर, लखीसराय, बेगूसराय, सरन, सीतामढ़ी, कटारी, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर, खगड़िया, गोपालगंज और हाजीपुर – में बाढ़ से हालत नाजुक हैं। मौसम विभाग ने अगले 5–6 दिनों तक लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।

भागलपुर में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इस्माइलपुर के बिंद टोली इलाके में तटबंध टूटने से 100 से अधिक घर गंगा में समा गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन तेज धार और लगातार बारिश बचाव दल के लिए चुनौती बनी हुई है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ प्रभावित जिलों के अधिकारियों के साथ आपात बैठक कर त्वरित राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि विस्थापित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उन्हें भोजन व चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।

वहीं, विपक्ष ने सरकार पर बाढ़ प्रबंधन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए इसे प्रशासनिक विफलता करार दिया है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, अब तक लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और कई क्षेत्रों में सड़क संपर्क टूट गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें प्रभावित इलाकों में तैनात हैं।


