गोलमुरी में रोजगार मेला, 2504 पदों पर सीधी भर्ती
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।शहर के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर शुक्रवार को गोलमुरी में मिला। अवर प्रादेशिक नियोजनालय (गोलमुरी), जमशेदपुर के तत्वावधान में 09 जनवरी को दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का आयोजन किया गया है, जिसमें कुल 2504 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेले में आठवीं पास से लेकर एमबीए डिग्रीधारक अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध हैं। इस मेले में कुल 27 कंपनियां भाग ले रही हैं, जिनमें 23 स्थानीय कंपनियां, दो रांची की तथा पुणे और चेन्नई की एक-एक कंपनी शामिल हैं।
मेले में सीएनसी/वीएनसी ऑपरेटर, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, वेल्डर, मशीन ऑपरेटर, मैकेनिकल इंजीनियर जैसे तकनीकी पदों के साथ-साथ डिजिटल मार्केटिंग मैनेजर, एचआर एग्जीक्यूटिव, आईटी एग्जीक्यूटिव, एमआईएस एग्जीक्यूटिव जैसे प्रोफेशनल पदों पर भी नियुक्ति होगी। इसके अतिरिक्त सिक्योरिटी गार्ड, शिक्षक, एलआईसी एजेंट, फील्ड ऑफिसर, रिसेप्शनिस्ट और ड्राइवर पदों पर भी बहाली की जाएगी।
खास बात यह है कि इस रोजगार मेले में विदेश में काम करने के इच्छुक युवाओं के लिए भी अवसर मौजूद हैं। दुबई के लिए प्लंबर, टाइल्स मेसन और पाइप फिटर जैसे पदों पर भर्ती की जा रही है, जिससे युवाओं को झारखंड के साथ-साथ विदेश में भी नौकरी का मौका मिलेगा।
अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 18 से 55 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को 11,000 से 35,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। अधिकांश कंपनियों में महिला और पुरुष दोनों अभ्यर्थियों के लिए समान अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पिछले चार वर्षों में यह जमशेदपुर का सबसे बड़ा रोजगार मेला है। इससे पूर्व वर्ष 2022 में 1800 पदों पर बहाली के लिए रोजगार मेला आयोजित किया गया था। इस आयोजन से बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।

