यूसील फ्लावर शो की तिथि घोषित नहीं होने से कर्मियों में मायूसी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
यूसील प्रबंधन द्वारा हर वर्ष जनवरी माह में संपदा विभाग की नर्सरी में आयोजित होने वाला फ्लावर शो इस बार अब तक घोषित नहीं किया गया है, जिससे यूसील कर्मियों में निराशा देखी जा रही है। यह फ्लावर शो न केवल यूसील कर्मियों बल्कि आसपास के लोगों के लिए भी उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माध्यम रहा है, जिसमें सीएमडी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं उनके परिजन भी शामिल होते रहे हैं।
कर्मियों का कहना है कि जनवरी माह समाप्त हो जाने के बावजूद अब तक फ्लावर शो की तिथि घोषित न किया जाना संपदा विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूसील प्रबंधन द्वारा मजदूरों के मनोरंजन और मानसिक सुकून के लिए कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। हालांकि कर्मियों को उम्मीद है कि नए सीएमडी के आने के बाद इस दिशा में ध्यान दिया जाएगा।
इधर, यूसील संपदा विभाग की नर्सरी की बदहाल स्थिति भी फ्लावर शो के आयोजन में बाधा बन रही है। नर्सरी के रखरखाव पर हर वर्ष लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद देखभाल में कमी के कारण फूलों की संख्या घट गई है और कई पौधे मुरझा चुके हैं। इससे यह सवाल उठ रहा है कि ठेके पर दिए गए रखरखाव कार्यों की निगरानी आखिर क्यों नहीं हो रही है।
यूसील संपदा विभाग की कार्यशैली पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि विभाग के कुछ अधिकारी केवल खानापूर्ति कर रहे हैं, जबकि उन्हें लाखों रुपये का मासिक वेतन दिया जाता है। यूसील कॉलोनी सहित अन्य परिसरों के रखरखाव को लेकर भी असंतोष बढ़ता जा रहा है।

