मुख्य सड़क पर सफाई ठप, गंदगी से लोग परेशान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा में यूसील अस्पताल चौक से जादूगोड़ा मोड़ तक मुख्य सड़क की साफ-सफाई बीते करीब दस दिनों से पूरी तरह बाधित है। पूर्व ठेकेदार दीपक अग्रवाल का टेंडर समाप्त होने के बाद नया वर्क ऑर्डर जारी नहीं होने से सड़क पर गंदगी का अंबार लग गया है। जगह-जगह कचरा जमा होने से दुर्गंध फैल रही है और कीड़े-मकोड़ों की भरमार से बीमारी का खतरा बढ़ गया है।
टेंडर समाप्त होने के साथ ही दीपक अग्रवाल के यहां कार्यरत लगभग छह ठेका कर्मी भी बेरोजगार हो गए हैं, जिससे उनके समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। यूसील प्रबंधन द्वारा सफाई कार्य का नया टेंडर मुखी समाज विकास समिति को दिया गया है, लेकिन अब तक वर्क ऑर्डर नहीं मिलने के कारण काम शुरू नहीं हो सका है। समिति के टिकिमुखी ने बताया कि कंपनी ने उनका टेंडर सबसे कम दर का बताया था, पर आदेश नहीं मिलने से कार्य लंबित है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क की समुचित सफाई के लिए कम से कम दस मजदूरों की जरूरत है। वर्तमान व्यवस्था में सड़क किनारे सफाई नहीं हो पाती, जिससे सफाई पर खर्च होने के बावजूद परिणाम संतोषजनक नहीं रहता। लोगों ने यह भी बताया कि सड़क किनारे लगे अधिकांश डस्टबिन जर्जर हो चुके हैं और आकार में छोटे होने के कारण कचरा बाहर फेंका जाता है। ग्रामीणों ने डस्टबिन की मरम्मत और नए डस्टबिन लगाए जाने की मांग की है।
इधर, अग्रसेन भवन समिति ने यूसील प्रबंधन से जादूगोड़ा यूसील डैम स्थित मुक्तिधाम में स्थायी सफाई कर्मी की नियुक्ति की मांग की है। समिति का कहना है कि दाह संस्कार के दौरान गंदगी के कारण लोगों को परेशानी होती है। हालांकि यूसील के डीजीएम पर्सनल राकेश कुमार द्वारा मुक्तिधाम का निरीक्षण किया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

