नशा मुक्ति पर जोर, सार्वजनिक स्थलों पर अभियान चलाने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला एनकोर्ड (NCORD) समिति की बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी और दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में जिले को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान तेज करने और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विद्यालयों में छात्रों के बीच नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही गांधी मैदान सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर अवैध शराब बिक्री और जुए के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य केंद्रों में हर महीने एक दिन विशेष नशा मुक्ति कैंप आयोजित करने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की योजना पर भी बल दिया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की दीवारों पर नशा विरोधी संदेशों की पेंटिंग कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी कहा गया कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए लगातार प्रयास जरूरी हैं। इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने और समाज में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

