बरसात से पहले विकास योजनाएं पूरी करने पर जोर, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला विकास, जिला योजना एवं जिला ग्रामीण विकास शाखा के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आवास योजनाओं, मनरेगा, आधारभूत संरचना निर्माण तथा विभिन्न निधियों से संचालित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को प्रखंड मुख्यालय में आवासित रहने, समय पर कार्यालय पहुंचने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यालय से बाहर रहने या कार्य में लापरवाही की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास से संबंधित लंबित कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्लींथ और लिंटर स्तर तक के निर्माण कार्य मई माह के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। लाभुकों से नियमित समन्वय स्थापित कर तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं को शीघ्र दूर करने पर बल दिया गया।
मनरेगा योजनाओं की समीक्षा में उपायुक्त ने सभी बीपीओ को एक सप्ताह के भीतर प्रत्येक गांव में कम से कम पांच योजनाएं शुरू कराने का निर्देश दिया। साथ ही मानव दिवस सृजन बढ़ाने, ग्रामीणों को अधिक रोजगार उपलब्ध कराने तथा जल संरक्षण, तालाब, ग्रामीण सड़क और सामुदायिक परिसंपत्तियों से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देने को कहा।
बैठक में डीएमएफटी, अनाबद्ध निधि, नीति आयोग फंड, सांसद निधि और विधायक निधि से संचालित परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी कार्यकारी एजेंसियों को गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए। बैठक में निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, सभी बीडीओ, सीओ, बीपीओ एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

