केरला समाजम हिंदी स्कूल में तीन शिक्षकों को भावभीनी विदाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:केरला समाजम हिंदी स्कूल में वरिष्ठ शिक्षिकाओं श्रीमती शशि बाला और श्रीमती गौरी रानी दास तथा वरिष्ठ शिक्षक श्री अरविंद कुमार को उनके सेवानिवृत्ति के अवसर पर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर विद्यालय में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में केरला समाजम बीओटी के सदस्य श्री एन. अशोक कुमार, केरला समाजम मॉडल स्कूल की प्राचार्या श्रीमती नंदनी शुक्ला, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अनुरंजन, रजिस्ट्रार वृंदा सुरेश सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
इस दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने लंबे कार्यकाल के अनुभवों को साझा किया और विद्यालय के साथ बिताए गए समय को याद किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने उन्हें बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और सुखमय जीवन की कामना की।
मौके पर अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नम आंखों और भावुक माहौल के बीच सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

