निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी बोले – प्रशिक्षण है चुनाव की आत्मा, लापरवाही के लिए कोई स्थान नहीं
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में सभी कोषांगों के नोडल और प्रभारी पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य का सफल संचालन प्रशिक्षण पर निर्भर है, इसलिए मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता से कराया जाए।
बैठक में मतदान सामग्री की तैयारी, सुरक्षित पैकिंग और वितरण, पोस्टल बैलेट की पारदर्शिता, और PwD मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर व परिवहन व्यवस्था की समीक्षा की गई।
निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी मतदान सामग्री अग्रिम रूप से तैयार रखी जाए और कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा हो।
उन्होंने विद्युत विभाग को सभी मतदान केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और QRT टीमों को हर समय सतर्क रहने का निर्देश दिया।
श्री सत्यार्थी ने कहा कि निर्वाचन कार्य प्रशासनिक दायित्व ही नहीं, लोकतंत्र के प्रति उत्तरदायित्व भी है, जिसे निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाया जाना चाहिए।

