प्रधानाध्यापक की लापरवाही से एकलव्य विद्यालय में प्रवेश परीक्षा से वंचित रहा छात्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय पावरु में अध्ययनरत छात्र जयंत सिंह का एकलव्य विद्यालय में नामांकन हेतु एडमिट कार्ड नहीं आने से वह रविवार को परीक्षा देने से वंचित हो गया। इस संबंध में छात्र जयंत सिंह की मां संतरा सरदार व अभिभावक संजय सरदार ने कहा कि जयंत एकलव्य विद्यालय में नामांकन हेतु कड़ी मेहनत कर तैयारी किया था। परिजनों ने भी अपनी निगरानी में जयंत सिंह को परीक्षा के लिए पठन पाठन कराया, लेकिन उमवि पावरु के प्रधानाध्यापक व शिक्षक के लापरवाही से वह परीक्षा देने से वंचित रह गया। इस संबंध में उपायुक्त और जिला शिक्षा अधीक्षक से मिलकर स्कूल के खिलाफ शिकायत दर्ज किया जाएगा। मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार ने कहा कि एकलव्य व आश्रम विद्यालय में नामांकन हेतु विद्यालय से कुल 21 छात्रों का आवेदन शिक्षक सुभाष सिंह सरदार द्वारा जमा किया गया, लेकिन एडमिट कार्ड कुल 20 छात्रों का ही आया। एक छात्र जयंत सिंह का एडमिट कार्ड नहीं आने से वह परीक्षा देने से वंचित हो गया।

