शीतलहर के कारण पूर्वी सिंहभूम के सभी स्कूलों में 5 व 6 जनवरी को कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई स्थगित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी शीतलहर एवं अत्यधिक ठंड के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। इसके तहत जिले में संचालित सभी सरकारी, अल्पसंख्यक एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई 5 जनवरी 2026 एवं 6 जनवरी 2026 को स्थगित रहेगी।
जारी आदेश में कहा गया है कि छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, यदि उक्त अवधि में किसी विद्यालय में पूर्व निर्धारित बोर्ड परीक्षा आयोजित है, तो विद्यालय प्रबंधन अपने विवेकानुसार परीक्षा का संचालन कर सकते हैं।
आदेश के अनुसार 6 जनवरी 2026 को सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे, अपनी उपस्थिति eVV पोर्टल पर दर्ज करेंगे तथा विद्यालय के गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।
विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। इस आदेश पर उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम की स्वीकृति प्राप्त है।

