गम्हरिया में निर्माण कार्य पर डीएसओ ने चस्पा किया नोटिस
*एग्रीमेंट को जांच में बताया नियमविरुद्ध, निर्माण स्थल सील*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
गम्हरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सामने स्थित गम्हरिया लैम्प्स की जमीन पर चल रहे निर्माण को जिला सहकारिता पदाधिकारी विजय प्रताप पूर्ति ने तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया। बुधवार को स्थल निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण स्थल पर विभागीय नोटिस चस्पा कराया और निर्माण करा रहे अभिषेक प्रियरंजन को स्पष्ट चेतावनी दी कि आदेश की अवहेलना करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के बाद निर्माण स्थल पर ताला लगाकर उसे सील कर दिया गया।
डीएसओ ने बताया कि लैम्प्स की जमीन पर निर्माण की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई थी। जांच में निर्माण के आधार के रूप में प्रस्तुत कथित एग्रीमेंट को प्रथम दृष्टया गलत और सहकारिता नियमों के विरुद्ध पाया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में गम्हरिया लैम्प्स की प्रबंधकारिणी समिति अवक्रमित है और इसके संचालन के लिए प्रशासक नियुक्त करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद नई प्रबंधकारिणी समिति का गठन किया जाना है। ऐसे में समिति की जमीन पर किसी भी प्रकार का निर्माण कराया जाना नियमसम्मत नहीं है।
मामले में डीएसओ ने प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी को निर्माण तत्काल बंद कराने तथा स्थल पर नोटिस चस्पा करने का निर्देश दिया। बीसीओ अनीश कुमार ने भी निर्माण करा रहे व्यक्ति को नोटिस सौंपा। इसके बाद निर्मित हिस्से को बंद कर सील कर दिया गया।
विभाग ने गम्हरिया के अंचल अधिकारी को भी पत्र भेजकर निर्माण पर तत्काल रोक लगाने का अनुरोध किया है। मामले की जानकारी उपायुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी को भी भेजी गई है। निरीक्षण के दौरान सहायक रजिस्ट्रार राजीव रंजन तथा राजनगर के प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी मौजूद थे।

