उपायुक्त से समाधान की मांग, न्याय नहीं मिला तो कानूनी लड़ाई की चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
आदिवासी-मूलवासी विस्थापित एकता मंच के बैनर तले जूम बल्लभ कंपनी (वर्तमान में टाटा स्टील), गम्हरिया से जुड़े विस्थापित एवं प्रभावित जमीनदाताओं ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। मंच के सदस्यों के अनुसार, उपायुक्त ने संबंधित मामलों को अपने कार्यक्षेत्र से बाहर बताते हुए इस स्तर पर समाधान करने में असमर्थता जताई।
ज्ञापन सौंपने के बाद मंच के सदस्यों ने कहा कि लंबे समय से विस्थापित और प्रभावित जमीनदाता अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। उपायुक्त कार्यालय से अपेक्षित राहत नहीं मिलने की स्थिति में अब मंच कानूनी रास्ता अपनाएगा। सदस्यों ने कहा कि जरूरत पड़ी तो कंपनी के खिलाफ हुड़का जाम आंदोलन भी किया जाएगा।
मंच ने कहा कि जमीनदाताओं से जुड़े मामलों के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रभावी पहल जरूरी है। ज्ञापन सौंपने वालों में हरमोहन महतो, नील कमल महतो, संजय मंडल, आशीष हांसदा, राकेश माहली, महादेव महतो, बबलू प्रधान, देवाशीष प्रधान, जगदीश कैवर्त और बाबूलाल मार्डी समेत कई सदस्य शामिल थे।

