नशे में धुत् स्कॉर्पियो चालक ने मारी टक्कर, दो घायल – वाहन बिजली के खंभे से टकराया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आजादनगर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर 16 में शुक्रवार देर शाम एक नशे में धुत् स्कॉर्पियो चालक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो (JH10BS4040) तेज रफ्तार में मानगो की ओर से परडीह की दिशा में जा रही थी, जब चालक ने नियंत्रण खो दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नशे में धुत् चालक की पिटाई कर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और चालक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि चालक पूरी तरह शराब के नशे में था। वाहन जब्त कर लिया गया है और लापरवाही व नशे में वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने रात में तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग की है।

