दृष्टि सेवा महाअभियान: आनंद मार्ग ने 10 मोतियाबिंद रोगियों का निःशुल्क फेको सर्जरी कराया, 50 पौधे वितरित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल एवं पूर्णिमा नेत्रालय के सहयोग से दृष्टि सेवा महाअभियान के तहत 10 मोतियाबिंद रोगियों की दोनों आंखों की निःशुल्क फेको सर्जरी कर लेंस प्रत्यारोपण किया गया। लगभग एक माह के अंतराल में सभी मरीजों का सफल ऑपरेशन कर दवा और चश्मा प्रदान करते हुए उनका स्वागत किया गया। संस्था आयुष्मान योजना एवं राष्ट्रीय अंधत्व निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रम (डीबीसीएस) के तहत कई वर्षों से दृष्टि सेवा अभियान चला रही है।
इसी क्रम में आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल और प्रिवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स एंड प्लांट्स (PCAP) जमशेदपुर की ओर से गदरा क्षेत्र में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 50 पौधों का वितरण किया गया। इस अवसर पर सुनील आनंद ने कहा कि 1980 के बाद से पृथ्वी का औसत तापमान लगभग 1 डिग्री सेल्सियस बढ़ चुका है, जिसका मुख्य कारण कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन, ग्रीनहाउस गैसें और जंगलों की अंधाधुंध कटाई है। उन्होंने कहा कि तापमान बढ़ने का सीधा असर खेती और पैदावार पर पड़ता है, इसलिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना आवश्यक है।
संस्था की ओर से हर महीने लगभग 2,000 पौधे लोगों के बीच वितरित किए जाते हैं। वहीं, 12 मार्च को गदरा स्थित आनंद मार्ग जागृति, शिव मंदिर के पास सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आंखों की बीमारियों की जांच के लिए निःशुल्क जांच शिविर भी आयोजित किया जाएगा।

