दिवाकर सिंह पुनः झारखंड स्टेट राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्वाचित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड स्टेट राइफल एसोसिएशन की आम बैठक (एजीएम) 11 जनवरी 2026 को पारडीह स्थित होटल एन.एच. हिल में संपन्न हुई, जिसमें श्री दिवाकर सिंह को सर्वसम्मति से पुनः अध्यक्ष चुना गया। बैठक में वर्ष 2024-25 की कार्यवाही को स्वीकृति दी गई तथा 2025-26 के आय-व्यय पर चर्चा कर उसे पारित किया गया।
2025-2029 कार्यकाल के लिए हुए चुनाव में सभी पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए। श्री दिवाकर सिंह अध्यक्ष, श्री उत्तम चंद सचिव जनरल, श्री नित्यानंद सिंह कोषाध्यक्ष सहित अन्य पदों पर पदाधिकारियों का चयन हुआ। कार्यकारिणी समिति के 8 सदस्यों का चुनाव मतदान के माध्यम से किया गया।
अध्यक्ष बनने के बाद दिवाकर सिंह ने कहा कि आगामी चार वर्षों में झारखंड के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पदक दिलाने के लिए ठोस योजना बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मार्च में राष्ट्रीय राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा झारखंड में राइफल व पिस्टल का एनआरएआई नेशनल कोचेस कोर्स आयोजित किया जाएगा, जिससे राज्य के स्थानीय कोचों और खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा।

