जन्म-मृत्यु ऑनलाइन निबंधन पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले के एसजीएसवाई सभागार में जन्म, मृत्यु एवं मृत-जन्म के ऑनलाइन निबंधन से संबंधित एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह ने की, जिसमें एएनएम, पंचायत सचिव एवं विभिन्न प्रखंडों से जुड़े कर्मियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जन्म-मृत्यु निबंधन प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को रीवेम्पेड सीआरएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रक्रिया, अनुलब्धता प्रमाण पत्र जारी करने, नवजात शिशु का नाम जोड़ने तथा गोद लिए गए बच्चों के निबंधन से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी गई।
जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने कहा कि जन्म और मृत्यु का निबंधन एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे नियमानुसार और त्वरित गति से पूरा करना आवश्यक है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।
कार्यशाला में जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड से आए मास्टर ट्रेनर राहुल सिंह ने जन्म-मृत्यु निबंधन अधिनियम 1969 एवं संबंधित एसओपी पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग एवं प्रखंड स्तर के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

