सरकारी जमीन पर विवाद, उप-स्वास्थ्य केंद्र निर्माण अधर में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दक्षिण हलुदबनी ग्राम पंचायत में सरकारी भूमि को लेकर विवाद गहराने से प्रस्तावित उप-स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण पर संकट खड़ा हो गया है। जानकारी के अनुसार थाना संख्या-1165, खाता-1000, प्लॉट-2366 (रकबा 39 डी.) की जमीन पर पहले से पंचायत मंडप, घुमकुड़िया व विकास भवन संचालित हैं और 20 फरवरी 2026 को यहां उप-स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास भी किया गया था।
इसके बावजूद कुछ स्थानीय लोगों—मानिक मलिक, राजू स्वर्णकार, राहुल दास, राकेश दास और नीलकांत स्वर्णकार—ने जमीन पर निजी स्वामित्व का दावा किया है। आरोप है कि वे निर्माण कार्य में लगे संविदाकार को धमका रहे हैं, जिससे कार्य बाधित हो रहा है।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि 3 मई 2025 को सरकारी अमीन द्वारा भूमि का विधिवत सीमांकन किया जा चुका है और उस समय किसी ने आपत्ति नहीं जताई थी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर जल्द समाधान निकालने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में जरूरी स्वास्थ्य सुविधा के लिए उप-स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण बिना बाधा पूरा हो सके।

