अपराध नियंत्रण की समीक्षा को जमशेदपुर पहुंचीं डीजीपी तदासा मिश्रा, जमशेदपुर व सरायकेला के अधिकारियों के साथ की बैठक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं और पुलिस की कार्रवाई की समीक्षा के लिए झारखंड की डीजीपी तदासा मिश्रा गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचीं। उन्होंने जमशेदपुर के साथ-साथ सरायकेला-खरसावां जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में दोनों जिलों में हाल में हुई आपराधिक घटनाओं, मामलों के अनुसंधान, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी ली गई। डीजीपी ने संवेदनशील एवं अपराध प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की।
समीक्षा के दौरान लंबित मामलों के निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, नियमित गश्त व्यवस्था तथा अपराध की रोकथाम के प्रयासों की भी जानकारी ली गई। डीजीपी ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
बैठक में जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां के वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। डीजीपी का यह दौरा हाल के आपराधिक घटनाक्रम के बीच पुलिस व्यवस्था की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

