उपायुक्त ने की ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा, अप्रैल अंत तक लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न आवास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और सभी लंबित आवासों को अप्रैल माह के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने बीडीओ को लाभुकों से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने, जियोटैगिंग सुनिश्चित करने और समय पर भुगतान करने का निर्देश दिया। साथ ही मनरेगा के तहत पारदर्शिता बनाए रखने और फर्जी जॉब कार्ड या भुगतान पर सख्त निगरानी रखने को कहा।

ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और पलायन रोकने के लिए हर गांव में कम से कम पांच योजनाएं चलाने पर जोर दिया गया। वहीं, सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए पीएम सूर्य घर योजना के तहत अधिक आवेदन कराने के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और कृषि क्षेत्रों में बेहतर प्रगति सुनिश्चित करने और सभी योग्य लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर बल दिया गया।

