साकची में अवैध निर्माण का आरोप, टाटा लैंड डिपार्ट पर मिलीभगत की आशंका
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के साकची स्थित बसंत टॉकीज रोड में अवैध निर्माण को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि टाटा लैंड डिपार्ट के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से विवादित जमीन पर निर्माण कार्य जारी है, जबकि जिला प्रशासन को इसकी पूरी जानकारी नहीं दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह जमीन मूल रूप से उमा अग्रवाल को शॉप-रेजिडेंस के लिए आवंटित की गई थी। बाद में कथित तौर पर नरेश मेहता द्वारा नोटरी एग्रीमेंट के जरिए इस जमीन की अवैध खरीद की गई, जिससे राजस्व क्षति और नियमों के उल्लंघन की बात सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि पहले प्रशासन ने इस निर्माण कार्य को रुकवा दिया था, लेकिन जनवरी 2026 में फिर से होल्डिंग नंबर बदलकर निर्माण शुरू कर दिया गया। आरोप है कि इसमें विभाग के कुछ कर्मियों का सहयोग मिला।
फिलहाल इस मामले में जेएनएसी अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। मामला सामने आने के बाद प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

