दुर्गापूजा विसर्जन की तैयारी का उपायुक्त ने लिया जायजा, घाटों पर सुरक्षा व सुविधा के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दुर्गापूजा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने स्वर्णरेखा और खरकई नदी के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। उनके साथ सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद समेत प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान भोजपुर, सुवर्णरेखा, पांडेय, नया पुल, दोमुहानी, सती, सब स्टेशन, बेली बोधनवाला और बड़ौदा घाट का जायजा लेकर उपायुक्त ने साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, पहुंच पथ की मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गोताखोरों और आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट मोड में रहने, पर्याप्त पुलिस बल और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के आदेश दिए। उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मौके पर उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, एसडीएम चंद्रजीत सिंह, बीडीओ सुमित प्रकाश सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

