जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं जनता की समस्याएं, संबंधित विभागों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : जिले के समाहरणालय परिसर में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के अवसर पर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में लोगों ने विद्यालय में नामांकन, शुल्क माफी, सूर्यघर योजना का लाभ, वेतन भुगतान में देरी, पेंशन, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, नाली जल निकासी सहित अन्य जनसमस्याएं रखीं।

उपायुक्त ने उपस्थित विभागीय पदाधिकारियों को सभी आवेदन-पत्रों की जांच कर 10 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि आम जनता की वाजिब शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान हो।

जिला प्रशासन द्वारा जन शिकायतों के समाधान हेतु जन सहायता कोषांग एवं ऑनलाइन पोर्टल की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से आवेदनों की निगरानी व फॉलो-अप किया जाता है। उपायुक्त ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि कोई भी समस्या अनसुनी नहीं जाएगी और हर आवेदन पर नियमानुसार गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।

