हेलमेट नहीं पहनने वालों को उपायुक्त-एसएसपी ने पहनाया हेलमेट, फूलों से किया जागरूक
सड़क सुरक्षा रैली और नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया सुरक्षित यातायात का संदेश, नियमों के पालन की अपील
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। कलेक्ट्रेट परिसर से साकची गोलचक्कर तक निकली रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के जरिए सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और लापरवाही के दुष्परिणामों को भी दर्शाया गया।
साकची गोलचक्कर पर उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों को हेलमेट और फूलों की माला पहनाकर जागरूक किया। अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों से स्वयं के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाने की अपील की।
उपायुक्त एवं एसएसपी ने कहा कि हेलमेट महज यातायात नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, यातायात संकेतों का ध्यान रखने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, एसडीएम धालभूम, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीएसपी ट्रैफिक समेत बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए。