26 नवंबर को रांची में निकलेगा संविधान रक्षा मार्च, पूर्वी सिंहभूम से शामिल होंगे हजारों कांग्रेसी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता, चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और केंद्र सरकार के हस्तक्षेप के विरोध में कांग्रेस राष्ट्रव्यापी अभियान चला रही है। इसी कड़ी में 26 नवंबर को रांची में भीमराव अंबेडकर चौक से बिरसा चौक तक संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा।
प्रेस वार्ता में शाहदेव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सहित संवैधानिक संस्थाओं पर केंद्र सरकार का प्रभाव बढ़ रहा है। उन्होंने चुनावी अनियमितताओं, बेरोजगारी, पेपर लीक और राज्यों के साथ कथित भेदभाव को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की।
जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने बताया कि मार्च में पूर्वी सिंहभूम से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। सभी जिला एवं प्रदेश पदाधिकारी, प्रखंड-मंडल पदाधिकारी, पंचायत अध्यक्ष और विभिन्न मंच-मोर्चों के कार्यकर्ता 26 नवंबर को सुबह 8 बजे साकची आमबगान मैदान से उनके नेतृत्व में रांची के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम की सफलता के लिए संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने संविधान रक्षा मार्च को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता में संजय सिंह आजाद, आशुतोष कुमार सिंह, ज्योति मिश्रा, राकेश साहू, राजा सिंह राजपूत, राजकुमार वर्मा, गुरदीप सिंह, सुखदेव सिंह मल्ली, जसवंत सिंह जस्सी, रंजीत सिंह, रंजीत झा और इंतेकाब उपस्थित थे।
Breaking News Headlines खबरीलाल खबरें राज्य से चाईबासा जमशेदपुर जामताड़ा झारखंड दुमका धनबाद रांची राजनीति संथाल परगना सरायकेला-खरसावां हजारीबाग

