बांकिशोल में योजनाओं की सौगात, 1.21 करोड़ के चेक बांटे; 10 परिवारों का अबुआ आवास में गृह प्रवेश
विधायक संजीव सरदार ने 90 स्वयं सहायता समूहों को दी आर्थिक सहायता, पांच जीएसबी सड़कों का किया शिलान्यास
राष्ट्र संवाद संवाददाता
डुमरिया। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत डुमरिया प्रखंड की बांकिशोल पंचायत में परिसंपत्ति वितरण एवं गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया और पांच जीएसबी सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में अबुआ आवास योजना के तहत 10 लाभुक परिवारों को गृह प्रवेश कराया गया। वहीं, जेएसएलपीएस के माध्यम से 90 स्वयं सहायता समूहों को कुल 1 करोड़ 21 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। इनमें छह समूहों को 36 लाख और 84 समूहों को 85 लाख रुपये की सहायता दी गई।
मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार पूरा करने वाले 20 महिला-पुरुष श्रमिकों को सम्मानित किया गया। दो मेट को प्रशस्ति पत्र तथा पांच लाभुकों को जॉब कार्ड दिए गए। इसके अलावा 15 छात्राओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ, आठ लाभुकों को वनपट्टा और चार श्रमिकों को मुख्यमंत्री असंगठित श्रमिक औजार सहायता योजना के तहत सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम में दो महिलाओं की गोद भराई और एक बच्चे का अन्नप्राशन भी कराया गया।
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और वंचित परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों और परिस्थितियों के कारण झारखंड की जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं, लेकिन राज्य सरकार जनहित में अपना प्रयास जारी रखेगी।
कार्यक्रम में बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू, मिर्जा सोरेन, भगत बास्के, मुखिया सरस्वती बास्के, माझी बाबा लखन मार्डी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।