राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : बिरसानगर निवासी एवं टाटा मोटर्स कर्मी सुनील कुमार की संदिग्ध मौत को लेकर आजसू नेता अप्पू तिवारी ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह मामला कई गंभीर सवाल खड़े करता है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
अप्पू तिवारी ने कहा कि वर्षों तक अस्थायी मजदूर के रूप में काम करने के बाद स्थायी नौकरी मिलने के बावजूद आत्महत्या जैसा कदम उठाना सामान्य बात नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं न कहीं मानसिक दबाव, कार्यस्थल का तनाव, यूनियन या प्रबंधन से जुड़ी प्रताड़ना जैसी परिस्थितियां हो सकती हैं, जिसकी गहराई से जांच की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक संस्थानों में काम करने वाले मजदूरों की मानसिक स्थिति और कार्यस्थल के माहौल की समीक्षा जरूरी है। यदि जांच में किसी प्रकार की प्रताड़ना या दबाव की बात सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
आजसू नेता ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर मृतक परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आजसू पार्टी हर परिस्थिति में परिवार के साथ खड़ी है।

