झारखंड में OBC छात्रों की स्कॉलरशिप भुगतान में देरी, छात्रों में नाराज़गी:शांति गोपाल
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: विधानसभा बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार ने झारखंड के पिछड़ा वर्ग (OBC) के छात्रों को 31 मार्च तक लंबित छात्रवृत्ति भुगतान का वादा किया था, लेकिन तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी राशि जारी नहीं होने से छात्रों में भारी आक्रोश है। छात्र नेता शांति गोपाल महतो ने इस मुद्दे पर सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यह छात्रों के साथ धोखा है।
उन्होंने कहा कि राज्य के हजारों छात्र-छात्राएं आर्थिक तंगी के कारण अपनी पढ़ाई जारी रखने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। स्कॉलरशिप उनके लिए उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण सहारा है, लेकिन भुगतान में देरी से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
महतो ने यह भी कहा कि राज्य की बड़ी आबादी पिछड़े वर्ग से आती है, जिनके समर्थन से सरकार बनी है, लेकिन अब वही वर्ग उपेक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान किया जाए, ताकि छात्रों को राहत मिल सके और वे अपनी पढ़ाई बिना बाधा जारी रख सकें।

