भाजपा स्थापना दिवस के पूर्व जामताड़ा में चला स्वच्छता अभियान
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला भाजपा कार्यालय में पार्टी स्थापना दिवस के अवसर पर निर्धारित कार्यक्रम के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम प्रभारी सुकुमार सरखेल ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
सुकुमार सरखेल ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार 6 अप्रैल को स्थापना दिवस मनाने से पहले सभी मंडल और जिला कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही कार्यालय को सजाने के लिए लाइटिंग और फूलों की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के दिन सभी कार्यकर्ता जिला कार्यालय में एकत्र होकर कार्यक्रम में शामिल होंगे और उससे पहले अपने-अपने घरों में पार्टी का झंडा लगाकर सोशल मीडिया पर साझा करेंगे।
नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने जानकारी दी कि 5 अप्रैल से 12 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जामताड़ा जिले के कई स्थानों पर सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस मौके पर निर्मल सोरेन, प्रदीप राउत, आभा आर्या, प्रवीण मिश्रा, पिंटू गुप्ता, चंदन राउत, ब्रजेश राउत, जीत दुबे और सुकुमार मंडल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

