सड़क हादसे में दीपका के बड़े कोल ट्रांसपोर्टर अमन बाजवा और उनकी माता जी का निधन,मौसा गंभीर रूप से घायल
अमन बाजवा अपने कारोबार के लिए कोरबा के बड़े ट्रांसपोर्टरों में जाने जाते थे।
राष्ट्र संवाद ब्यूरो कमाल अहमद
कोरबा:- कोरबा जिले के गेवरा- दीपका के जाने माने एक बड़े कोल ट्रांसपोर्टर अमन बाजवा(34) का मध्यप्रदेश के चित्रकूट के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कारोबारी अमन बाजवा और उनकी मां की मौत हो गई, जबकि उनके मौसा गंभीर रूप से घायल हो गए।
अमन बाजवा दीपका के झाबर में रहते थे
दीपका थाना क्षेत्र के झाबर गांव निवासी अमन बाजवा अपने कारोबार के लिए कोरबा के बड़े ट्रांसपोर्टरों में से एक थे। शुक्रवार देर रात वे अपनी मां और मौसा के साथ स्कॉर्पियो से पंजाब जा रहे थे। रास्ते में बुंदेलखंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमन बाजवा और उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर हालत में घायल मौसा को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी। अमन बाजवा अपने प्रदेश पंजाब अपनी बीवी से मिलने जा रहे थे। उनकी बीवी कुछ दिन पहले गेवरा-दीपका से पंजाब गई हुई थी।
गेवरा-दीपका में गहरा शोक
इस हादसे ने कोरबा के गेवरा-दीपका क्षेत्र को गहरे शोक में डाल दिया है। ट्रक मालिकों और कोयला व्यवसायियों ने अमन बाजवा के निधन को बड़ी क्षति बताया है। गेवरा-दीपका के लोगों ने बताया कि अमन बाजवा बहुत ही मिलनसार अच्छे विचार के व्यक्ति थे।

