राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर के चिकित्सा जगत के लिए गुरुवार का दिन बेहद दुखद रहा। शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों में शामिल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) के मेडिसिन विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष (एचओडी) डॉ. एबी बलसारा का गुरुवार दोपहर निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही शहर के चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध वर्ग में शोक की लहर दौड़ गई।
डॉ. एबी बलसारा अपनी सादगी, विनम्रता और गहन चिकित्सकीय ज्ञान के लिए जाने जाते थे। उन्होंने लंबे समय तक मरीजों की सेवा की और चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन को चिकित्सा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार डॉ. बलसारा का अंतिम संस्कार शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे किया जाएगा। इस दौरान उनके परिजन, सहयोगी चिकित्सक और शहर के कई गणमान्य लोग उन्हें अंतिम विदाई देंगे।
नागपुर मेडिकल कॉलेज से टीएमएच तक का प्रभावशाली सफर
डॉ. एबी बलसारा का चिकित्सा करियर बेहद प्रभावशाली रहा। जमशेदपुर आने से पहले वे नागपुर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर के रूप में कार्यरत थे। बाद में उन्होंने टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) से जुड़कर मेडिसिन विभाग के एचओडी के रूप में सेवाएं दीं और इसी पद से सेवानिवृत्त हुए।
इसके अलावा वे डीएनबी (मेडिसिन) पोस्टग्रेजुएट डिग्री के परीक्षक के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं देते रहे और कई युवा डॉक्टरों को मार्गदर्शन प्रदान किया।
आईएमए ने 2022 में किया था सम्मानित
समाज और चिकित्सा क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) जमशेदपुर ने वर्ष 2022 में उन्हें अन्य वरिष्ठ सदस्यों के साथ विशेष रूप से सम्मानित किया था। वे आईएमए के सबसे वरिष्ठ आजीवन सदस्यों में शामिल थे।
उनके सहकर्मियों के अनुसार डॉ. बलसारा एक बेहद विनम्र, सरल और ज्ञानवान व्यक्ति थे, जिन्होंने हमेशा मरीजों के हित को सर्वोपरि रखा। उनके निधन से चिकित्सा जगत ने एक अनुभवी और समर्पित चिकित्सक को खो दिया है।

