राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में साइबर अपराध लगातार बढ़ता जा रहा है। कोकदा गांव में पुलिस कार्रवाई के बाद अब इचड़ा गांव साइबर अपराधियों का नया ठिकाना बनता दिख रहा है। हाल ही में दिल्ली पुलिस ने इचड़ा निवासी राज भगत को साइबर ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है, जिससे क्षेत्र फिर सुर्खियों में आ गया है।
बताया जा रहा है कि राज भगत और उसका भाई राहुल भगत साइबर अपराध नेटवर्क से जुड़े रहे हैं। राहुल पहले ही जेल जा चुका है, जबकि राज भगत पर भी अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने के आरोप हैं। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के कई युवक इस नेटवर्क से जुड़े हैं, जिनमें कुछ को साइबर थाना से नोटिस भी मिला है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बिना किसी बड़े रोजगार या व्यवसाय के कई युवाओं ने महंगे मकान, गाड़ियां और लग्जरी सामान जुटा लिए हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है। सागर कर्मकार समेत अन्य युवाओं पर भी जांच की मांग उठ रही है।
इधर, यूसील कॉलोनी के कई कर्मचारी भी साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं और मामलों की शिकायत साइबर थाना में दर्ज कराई गई है। भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह ने संबंधित युवाओं की संपत्ति की जांच की मांग करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की अपील की है।
पुलिस प्रशासन की नजर कई संदिग्धों पर बनी हुई है और पूछताछ का सिलसिला जारी है।

