महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ी भीड़, हर-हर महादेव के नारे से गूंजे शिवालय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया।महाशिवरात्रि के अवसर रविवार को गम्हरिया और आसपास के क्षेत्रों में स्थित शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। खासकर महिला श्रद्धालुओं का हुजूम सभी मंदिरों में उमड़ पड़ी। उपस्थित महिला श्रद्धालुओं ने विधि विधान से भगवान शिव व पार्वती की पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया। कई मंदिरों में जल चढाने को लेकर श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखी गई। गम्हरिया के प्रखंड परिसर, सतवाहिनी, बड़ा गम्हरिया बस्ती, शिवपुरी स्थित मंदिरों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ लगी रही। इस मौके पर बड़ा गम्हरिया के शिवपुरी कॉलोनी स्थित शिवपूरी बाबा मंदिर में प्रातःकाल में पूजा अर्चना के बाद सन्ध्या में बाबा भोलेनाथ की पालकी लेकर गाजे-बाजे के साथ भव्य बारात निकाली गई जो पूरे क्षेत्र का भ्रमण कर पुनः मन्दिर परिसर पहुँचकर सम्पन्न हुआ। इस दौरान कई स्थानों पर महिला श्रद्धालुओं द्वारा शिव बारात का आरती उतारकर स्वागत किया गया। इस दौरान ब्रह्मकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय गम्हरिया की प्रमुख पूनम बहन के नेतृत्व में शिव बारात में शामिल श्रद्धालुओं को अंग वस्त्र प्रदान कर भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर आयोजन में मन्दिर कमेटी के संजय दुबे, मनोज सिंह, पूर्व पार्षद धनंजय गुप्ता, ममता बेज, पिंटू कुमार समेत मंदिर कमेटी के सभी सदस्य व स्थानीय महिला व पुरुष शामिल थे।

