मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में CPI का साकची गोलचक्कर पर प्रदर्शन, केंद्र सरकार का पुतला दहन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:मनरेगा योजना का नाम बदले जाने के मुद्दे को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने सोमवार को जमशेदपुर में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने साकची गोलचक्कर पहुंचकर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।
CPI नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार भगवान राम के नाम पर राजनीति कर रही है और महात्मा गांधी के नाम को योजनाओं से हटाने की साजिश रची जा रही है। पार्टी का कहना है कि मनरेगा का नाम बदलना देश की जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जी-राम-जी बिल के नाम को वापस लिया जाए और योजना का नाम पहले की तरह मनरेगा ही रखा जाए।
पार्टी नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है और देश की संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने का प्रयास कर रही है। प्रदर्शन के दौरान साकची गोलचक्कर पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अम्बुज ठाकुर (जिला सचिव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी) सहित बड़ी संख्या में CPI कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

