*घाटशिला उपचुनाव:-*
*सीएम हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने किया रोड शो, झामुमो प्रत्याशी सुमित सोरेन की जीत का किया दावा*
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिलाजमशेदपुर09।घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के प्रचार का आज अंतिम दिन रहा। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी सह गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रत्याशी सुमित सोरेन के समर्थन में जोरदार रोड शो किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घाटशिला शहरी क्षेत्र में रोड शो कर जनता से झामुमो प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की, वहीं जादूगोड़ा और मुसाबनी क्षेत्र में विधायक कल्पना सोरेन ने रोड शो कर मतदाताओं से सुमित सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता झामुमो पर भरोसा जताती रही है और इस बार भी विपक्ष के झांसे में नहीं आएगी। उन्होंने दावा किया कि सुमित सोरेन रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेंगे।
इधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार घाटशिला में भाजपा के कई स्टार प्रचारक प्रचार से दूरी बनाए रखे। झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडेय ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के शीर्ष नेता उपचुनाव में हार का ठीकरा अपने सिर पर नहीं लेना चाहते, इसलिए घाटशिला नहीं पहुंचे। उन्होंने ओडिशा के मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना कहा कि “कुछ लोग दूसरे राज्यों से जरूर आए, लेकिन उन्हें उनके अपने राज्य में भी कोई नहीं पहचानता।”

