छठ पूजा की तैयारियों का आगाज़: उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक ने किया घाटों का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने पांडेय घाट, स्वर्णरेखा घाट (मानगो पुल), दोमुहानी घाट, और पंप हाउस घाट (मानगो) का जायजा लिया। इस दौरान सिटी एसपी श्री कुमार शिवाशीष, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) श्री भगीरथ प्रसाद, उप नगर आयुक्त (जेएनएसी), डीटीओ, एसडीएम धालभूम, तथा जुस्को के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, बेरिकेडिंग, चेंजिंग रूम निर्माण, डेंजर जोन की पहचान, विद्युत व्यवस्था, पहुंच पथ की मरम्मती और सुरक्षा प्रबंध को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि सभी घाटों पर जनसुविधाओं की व्यवस्था समय पर पूरी की जाए ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय ने सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि यह निरीक्षण प्रशासनिक तैयारियों के प्रारंभिक चरण का हिस्सा है। आने वाले दिनों में संबंधित विभागों के साथ समन्वय बैठक कर कार्य प्रगति की समीक्षा की जाएगी ताकि छठ पूजा का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

