झमाझम बारिश से चांडिल डूबा, आशियाना अपार्टमेंट में फंसे 300 लोग, कंट्रोल रूम सक्रिय
राष्ट्र संवाद संवाददाता संजय कुमार
चांडिल (संवाददाता)। चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में मानसून की पहली झमाझम बारिश ने तबाही मचा दी है। बीते दो दिनों से हो रही मूसलधार बारिश के कारण सुवर्णरेखा डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ते हुए गुरुवार दिन 2 बजे तक 181.60 मीटर पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने पर डैम के 7 रेडियल गेट तीन मीटर तक खोल दिए गए। गेट खुलते ही डैम विस्थापित गांवों में पानी घुस गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
इधर, चांडिल डैम रोड स्थित बामणी नदी की पुलिया तड़के पूरी तरह डूब गई, जिससे मुक्ति धाम, विश्राम स्थल सहित आसपास के इलाके चारों ओर से जलमग्न हो गए। चांडिल सनसिटी के निचले हिस्सों में भी बारिश का पानी घुस गया। यहां एक वैवाहिक कार्यक्रम के पंडाल में पानी घुसने से कार्यक्रम प्रभावित हुआ। हालात को देखते हुए चांडिल अनुमंडल कार्यालय में रथयात्रा को लेकर होने वाली शांति समिति की बैठक अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई।
फदलोगोडा काली मंदिर के पास आशियाना अपार्टमेंट में बाढ़ जैसे हालात
चांडिल प्रखंड के आसानबनी पंचायत स्थित फदलोगोडा काली मंदिर के पास आशियाना अपार्टमेंट में 7-8 मीटर तक बरसाती पानी घुस गया। इससे अपार्टमेंट के करीब 300 निवासी जलमग्न टापू में कैद होकर रह गए। स्थिति को देखते हुए तड़के से ही अपर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी विकास राय, डीएसपी अरविंद बिंद, थाना प्रभारी दिलशान बिरुवा और कपाली ओपी प्रभारी सोनू कुमार मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से विभिन्न जगहों पर मिट्टी काटकर पानी निकालने का प्रयास दिनभर जारी रहा।
डीसी ने लिया स्थिति का जायजा,* NH-33 पर ट्रैफिक डायवर्ट
जिला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने आशियाना अपार्टमेंट पहुंचकर हालात का जायजा लिया और एनएचएआई के अधिकारियों को जलनिकासी एवं रांची-जमशेदपुर मार्ग को चालू करने के निर्देश दिए। एनएच-33 पर फदलोगोडा से कांडरबेडा तक भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन ने डायवर्जन लागू करते हुए वाहनों को डोबो-जमशेदपुर मार्ग से भेजना शुरू किया है।
6-7 मीटर जलस्तर अब भी कायम, बोट से हो रही आवाजाही
शाम 7 बजे तक स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ। आशियाना अपार्टमेंट परिसर में अब भी 6-7 मीटर तक पानी जमा हुआ है। आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर डटी हुई है। कई लोगों को बोट के सहारे आवश्यक कामों के लिए आते-जाते देखा गया। प्रशासन ने 24×7 कंट्रोल रूम एक्टिव कर दिया है। आपात स्थिति में 9204587147 पर संपर्क करने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

