35 लाख मिलते ही चालू होगा चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल!
*विधायक सविता महतो की पहल पर स्वास्थ्य मंत्री ने दिया शीघ्र राशि आवंटन और उद्घाटन का आश्वासन*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
चांडिल अनुमंडल के लोगों को जल्द ही नवनिर्मित अनुमंडलीय अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात कर अस्पताल शीघ्र चालू कराने की मांग की।
विधायक ने बताया कि अस्पताल भवन बनकर तैयार है, लेकिन विद्युत व्यवस्था के लिए 35 लाख रुपये उपलब्ध नहीं होने से इसका संचालन शुरू नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने जल्द 35 लाख रुपये उपलब्ध कराने तथा चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था कर अस्पताल का शीघ्र उद्घाटन कराने का आश्वासन दिया।

