चाकुलिया प्रखंड में होम आइसोलेटेड मरीजों को नहीं मिली दवा तो कुणाल षाड़ंगी ने किया ट्वीट, पहुँची मदद
● डीसी के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने मरीजों को सौंपी दवाईयां
● ग्रामीण इलाकों में होम आइसोलेशन में रहे मरीजों के लिए विशेष सहायता केंद्र चालू हो : कुणाल

पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण इलाकों में होम आइसोलेटेड मरीजों को तय समय पर उचित देखरेख नहीं होने से असुविधाएं उतपन्न हो रही है। चाकुलिया प्रखंड के कलियाम गांव में बीते 10 मई को प्रशासन की स्तर से कोविड जाँच संपन्न हुई थी। इस जाँच में 28 में से 21 लोग पॉजिटिव पाये गये थें जिन्हें उसी समय जरूरी दवाईयों की किट मुहैया करा दी गई थी। बाकी 7 संक्रमितों को दवाईयां नहीं मिलने की जानकारी चाकुलिया निवासी विद्युत बरण महतो ने ट्विटर के जरिये पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी और जिला उपायुक्त के संज्ञान में दिया। इस मामले में त्वरित हस्तक्षेप करते हुए कुणाल षाड़ंगी ने उचित पहल करने का आग्रह जिला प्रशासन से किया। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल के जरिये जिला उपायुक्त सूरज कुमार से आग्रह किया

कि ग्रामीण इलाकों में होम आइसोलेटेड कोविड मरीजों को उचित मदद और सुविधाएं मिलती रहे इसके लिए प्रखंड स्तर पर विशेष सहायता केंद्र संचालित करने की कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए। वहीं गाँव के छोटे घर जिनमें होम-आइसोलेशन के नियमों की पालना कर पाना मुमकिन नहीं है उनके लिए प्रखंड और पंचायत स्तर पर आइसोलेशन केंद्र की व्यवस्था होनी चाहिए। पूर्व विधायक सह भाजपा प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी के ट्वीट के बाद चाकुलिया प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा 7 लोगों को होम आइसोलेशन किट मुहैया करा दी गई। मालूम हो कि इस मामले में स्थानीय बीडीओ द्वारा जिला उपायुक्त को जानकारी दी गई थी कि होम आइसोलेटेड मरीजों को सुबह ही दवाईयां उपलब्ध करा दी गई है। लेकिन इस दावे को नकारते हुए उक्त गाँव के ही एक संक्रमित (संजीव महतो) ने जिला उपायुक्त को ट्विटर पर ही सूचित किया कि उन्हें और अन्य कई लोगों को दवाईयां नहीं मिली है। इसपर पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने बीडीओ के स्तर से सूची क्रॉस वेरीफाई करने का आग्रह किया। इसके कुछ समय बाद ही जिला उपायुक्त के निर्देश पर मरीजों को होम आइसोलेशन किट उपलब्ध करा दी गई। इस आशय की जानकारी स्वयं जिला उपायुक्त और एक संक्रमित मरीज ने अपनी ट्विटर हैंडल के जरिये कुणाल षाड़ंगी को सूचित किया। जिला प्रशासन की सक्रियता के लिए पूर्व विधायक ने आभार जताया है।

