केंद्रीय एवं थाना शांति समिति ने नए अनुमंडल अधिकारी अर्नब मिश्रा का किया अभिनंदन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।केंद्रीय शांति समिति एवं थाना शांति समिति के सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज धालभूम के अनुमंडल अधिकारी (भारतीय प्रशासनिक सेवा) श्री अर्नब मिश्रा से उनके कार्यालय में भेंट कर जमशेदपुर में पदस्थापन पर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर केंद्रीय शांति समिति के सदस्य मेराज अहमद खान, सोनू रजा खान, नंदलाल सिंह, रियाजुद्दीन खान, मनोज कुमार सिंह, नीरज दुबे, अमरजीत सिंह एवं इंद्रपाल सिंह ने संयुक्त रूप से पुष्पगुच्छ भेंट कर एसडीओ श्री अर्नब मिश्रा का स्वागत किया।
प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर की शांति, सद्भावना और भाईचारे की सर्वधर्म समन्वय वाली कॉस्मोपॉलिटन परंपरा को बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही शहर को स्वस्थ, सुरक्षित और शांतिप्रिय बनाए रखने के लिए शांति समिति के सदस्यों की ओर से अनुमंडल अधिकारी को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
एसडीओ श्री अर्नब मिश्रा ने भी शांति समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन और समाज के समन्वय से ही जमशेदपुर की सौहार्दपूर्ण पहचान को और मजबूत किया जा सकता है।

