जमशेदपुर: पार्किंग विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट, CCTV वीडियो वायरल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत उलीयान स्थित दुर्गा काली बाड़ी के पास मंगलवार दोपहर गाड़ी पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा।
स्थानीय निवासी सुश्रीति सेन, नीलू प्रमाणिक और पिंकी दास ने आरोप लगाया कि उनके घर के सामने अक्सर कुछ युवक गाड़ियां खड़ी कर अड्डा लगाते हैं। मंगलवार को भी बोलेरो से आए लोगों के साथ पार्किंग को लेकर कहासुनी हुई, जो बढ़कर मारपीट में बदल गई। महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और हाथापाई का भी आरोप लगाया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष के राजीव राम ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि गाड़ी बैक करते समय विवाद शुरू हुआ। उन्होंने उल्टा आरोप लगाया कि उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे और उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

