आचार संहिता का अनुपालन करें प्रत्याशी: पर्यवेक्षक
जामताड़ा : पंचायत चुनाव को लेकर गुरुवार को मुखिया पद 114 एवं वार्ड सदस्य के लिए 362 प्रत्याशियों के चुनाव में खड़े सभी प्रत्याशियों को प्रखंड सभागार में सामान्य चुनाव पर्यवेक्षक अखिलेश कुमार सिन्हा ने आदर्श आचार संहिता का पाठ पढ़ाया। इस दौरान उन्होंने सभी मुखिया एवं वार्ड सदस्य प्रत्याशियों को चुनाव के दौरान प्रचार प्रसार में आदर्श आचार संहिता का ध्यान रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रचार प्रसार के दौरान किसी भी जाति धर्म संप्रदाय के संदर्भ में कोई वैसी बात नहीं करेंगे जिससे कि सामाजिक समरसता में खलल उत्पन्न हो। साथ ही वैसे सभी प्रत्याशी जिन्होंने नामांकन किया है या नाम वापस ले लिया है अथवा निर्विरोध चुने गए हैं सबों को प्रखंड व अंचल कार्यालय कक्ष में चुनावी खर्च से संबंधित दस्तावेज का लेखा जोखा प्रस्तुत करना होगा। अगर ऐसा नहीं करेंगे तो आगामी पंचायत चुनाव में वैसे अभ्यर्थी चुनाव में खड़े होने से वंचित हो जाएंगे। इस दौरान प्रत्याशियों को विस्तार से जानकारी दी। वहीं व्यव पदाधिकारी नवीन निश्चल ने कहा कि मुखिया प्रत्याशी सिर्फ दो वाहनों का ही इस्तेमाल कर सकते हैं लाउडस्पीकर के लिए आदेश प्राप्त करना होगा मुखिया पद के प्रत्याशी के लिए अधिकतम 85 हजार व्यव करने का प्रावधान है। मौके पर निर्वाची पदाधिकारी मोहम्मद जहीर आलम मनोज कुमार अंचल निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे।

