केनरा बैंक लूटकांड में पुलिस ने जारी की तीन अपराधियों की तस्वीर, प्रत्येक पर ₹2 लाख का इनाम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में 24 सितंबर को दिनदहाड़े हुई करीब ₹33 करोड़ की बैंक डकैती के मामले में पुलिस ने तीन संदिग्ध अपराधियों की तस्वीर जारी की है। पुलिस ने तीनों की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाली सूचना देने वाले को प्रत्येक अपराधी पर ₹2 लाख का इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, पांच हथियारबंद अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। अपराधी बैंक से करीब ₹42 लाख नकद और 23 किलो 800 ग्राम सोना लेकर फरार हो गए, जिसकी कुल कीमत लगभग ₹33 करोड़ बताई गई है। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस को अपराधियों की गिरफ्तारी में सफलता नहीं मिली है। मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य स्रोतों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने में जुटी है।
जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने मामले की जानकारी देते हुए लोगों से अपील की है कि जारी तस्वीरों में दिख रहे अपराधियों के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस की अपील
जारी तस्वीरों में दिख रहे संदिग्धों की पहचान या उनके ठिकाने के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

