आदित्यपुर में औद्योगिक कचरे का दहन बना मुसीबत, 2000 लोगों की सेहत पर खतरा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर:आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के पास स्थित आशियाना आदित्य सोसायटी के करीब खुले में औद्योगिक कचरा जलाए जाने से करीब 500 परिवारों के 2000 निवासी गंभीर परेशानी झेल रहे हैं। जहरीले धुएं और गैसों के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत हो रही है।
निवासियों के अनुसार यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और PM2.5 व PM10 का स्तर भी खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। कई बार शिकायत के बावजूद औद्योगिक क्षेत्र समिति, संबंधित इकाइयों और झारखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (JSPCB) की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
यह स्थिति पर्यावरण नियमों का उल्लंघन होने के साथ-साथ लोगों के स्वस्थ जीवन के अधिकार पर भी असर डाल रही है। निवासियों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल हस्तक्षेप कर कचरे के वैज्ञानिक और सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि उन्हें प्रदूषण से राहत मिल सके।

