मानगो स्वर्णरेखा पुल पर टूटी पेड़ की टहनी बनी खतरा, राहगीरों को हो रही परेशानी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: सोमवार शाम शहर में चली तेज हवा के बाद मानगो स्थित स्वर्णरेखा पुल के किनारे लगे एक बड़े पेड़ की भारी टहनी टूटकर सड़क किनारे गिर गई। टहनी अब भी पुल के समीप पड़ी हुई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पुल पर अक्सर यातायात का दबाव बना रहता है। ऐसे में टूटी हुई टहनी के कारण सड़क का हिस्सा प्रभावित होने से जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। जाम के दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

नागरिकों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द गिरी हुई टहनी को हटाने की मांग की है, ताकि यातायात सुचारू हो सके और किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे आम जनता को राहत मिल सके।

